गौरेला पेंड्रा मरवाही : खेल से खिलेंगे सपने! सांसद खेल महोत्सव में शामिल होकर, बनाएं अपनी पहचान
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 26 सितम्बर 2025
संसदीय क्षेत्र बिलासपुर के अंतर्गत विकासखंड गौरेला के खेल प्रेमियों के लिए सुनहरा मौका, सांसद खेल महोत्सव 2025 की तैयारियाँ पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। ग्रामीण, विधानसभा और लोकसभा स्तर पर होने वाली यह भव्य खेल प्रतियोगिता 3 अक्टूबर से 25 दिसम्बर 2025 तक चलेगी, जिसमें खेल के साथ फिटनेस और मनोरंजन का जबरदस्त संगम देखने को मिलेगा। यह आयोजन न केवल युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का मौका देगा, बल्कि फिट इंडिया मूवमेंट को भी नया आयाम देगा। जिले में पहली बार इतने बड़े स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 2 अक्टूबर 2025 तक पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। खिलाड़ी अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से साइनअप कर अपना नाम, ई-मेल आईडी, पता, राज्य, लोकसभा क्षेत्र, विधानसभा क्षेत्र आदि की जानकारी और एकल खेल में एक से अधिक एवं दलीय खेल में से केवल एक खेल का चयन कर साइनअप कर सकते हैं।
सांसद खेल महोत्सव में तीन आयु वर्गों जिसमें 18 वर्ष तक, 18 से 40 वर्ष और 40 वर्ष से अधिक महिला और पुरुष दोनों प्रतिभागी खेलों में हिस्सा ले सकेंगे, जिसमें एकल खेल में बोरा दौड़, पैदल चाल, 100 मीटर दौड़ और तीरंदाजी शामिल है। दलीय खेल में रस्साकसी, कबड़्डी, फुटबॉल एवं वॉलीबॉल शामिल हैं। ग्राम पंचायतों एवं वार्ड स्तर पर चयन स्पर्धा 15 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक एवं ब्लॉक स्तर पर 1 नवंबर से 30 नवंबर तक और संसदीय क्षेत्र स्तर पर 1 दिसम्बर से 25 दिसम्बर 2025 के मध्य संसदीय क्षेत्र बिलासपुर में आयोजित होना प्रस्तावित है। इस खेल का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहन देना है।