कांग्रेस के दिग्गजों को मात देकर भाजपा ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत

छत्तीसगढ़ में भाजपा की प्रचंड जीत, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यकर्ताओं को दी बधाई और जताया आभार

       रायपुर। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रमुख नेताओं को हराने के बाद हमारे प्रत्याशी विजयी हुए हैं। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और चार पूर्व मंत्रियों को पराजित कर, हमारे प्रत्याशियों ने शानदार जीत दर्ज की है। मैं सभी को बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ। जनता के आशीर्वाद से मिली इस ऐतिहासिक जीत के बाद हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गई है, जिसे हमें पूरी निष्ठा से निभाना है।

       प्रदेश भाजपा कार्यालय में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के सभी नवनिर्वाचित लोकसभा सदस्यों को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली है और केंद्र में भी एनडीए गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति छत्तीसगढ़ की जनता का समर्थन दर्शाती है। इसके लिए प्रदेश की जनता को धन्यवाद और शुभकामनाएं।

       साय ने भाजपा कार्यकर्ताओं को तपती गर्मी में कड़ी मेहनत करने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि उनके परिश्रम से ही हमें यह ऐतिहासिक परिणाम मिले हैं। उन्होंने पड़ोसी राज्यों झारखंड और ओडिशा की जीत का श्रेय भी राज्य के मंत्रियों, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिया और कहा कि उनके अथक प्रयासों से दोनों राज्यों में भाजपा का परचम लहराया है।

       मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा ने 54 सीटों के साथ 46 प्रतिशत वोट प्राप्त किए थे और अब लोकसभा चुनाव में 6 प्रतिशत वोटों की वृद्धि के साथ 68 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है और अब लोकसभा में भी जनता ने प्रचंड जीत दिलाकर बड़ी जिम्मेदारी दी है। ओडिशा और झारखंड में भाजपा की जीत पर उन्होंने कहा कि इन राज्यों में आयोजित जनसभाओं में छत्तीसगढ़ के नेताओं की मजबूत उपस्थिति से भाजपा वहां कामयाब हुई है।

       विष्णु देव साय ने कहा कि ओडिशा विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत के साथ हमारी सरकार बन रही है। राज्य में लोकसभा और विधानसभा के ऐतिहासिक जनादेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता के विश्वास की पुष्टि की है। भाजपा ने वहां 25 साल से सत्ता में रहे मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को दोनों सीटों पर हराने में सफलता प्राप्त की है। जहाँ भी हमारे छत्तीसगढ़ के नेता, मंत्री, और कार्यकर्ता प्रचार के लिए गए थे, वहां भाजपा को अच्छी सफलता मिली है।

       भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तेजी से पूरा कर रही है। अब हमें केंद्र और राज्य सरकार की सभी जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना है, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके। उन्होंने कहा कि पहले यह धारणा बन गई थी कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस का गढ़ बन गया है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के कठोर परिश्रम और छत्तीसगढ़ की जनता ने इस मिथक को तोड़ दिया है। अब भाजपा पंचायत, नगरीय निकाय, विधानसभा और लोकसभा में भी अपना परचम लहरा रही है। देव ने चुनाव प्रबंधन समिति के सभी सदस्यों को कुशल प्रबंधन के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दी।

       कार्यक्रम का संचालन प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने किया और आभार प्रदर्शन प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सरला कोसरिया ने किया। इस दौरान बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश सरकार के मंत्री रामविचार नेताम, नव निर्वाचित सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संतोष पांडेय, विजय बघेल, श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, महेश कश्यप, भोजराज नाग, चिंतामणि महाराज, श्रीमती कमलेश जांगड़े, राधेश्याम राठिया, तोखन साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय और प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *