बस भाड़ा, बिजली और निर्माण सामग्री की मूल्यवृद्धि से जनता परेशान: कांग्रेस

बस किराया, बिजली, खाद्य सामग्री और निर्माण सामग्री की कीमतों में वृद्धि पर भाजपा सरकार को घेरा

       रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ती महंगाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार में आम जनता पर महंगाई की दोहरी मार पड़ रही है। बस किराया, बिजली, खाद्य सामग्री, सीमेंट, लोहा और रेत की कीमतों में वृद्धि से आम परिवारों का बजट बिगड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के लिए यह अमृतकाल नहीं, बल्कि आफतकाल बन गया है।

       धनंजय सिंह ठाकुर ने दावा किया कि बस किराये में वृद्धि के कारण यात्रियों को पहले की तुलना में करीब 75 प्रतिशत अधिक खर्च करना पड़ रहा है। वहीं, बिजली की दरों में चार गुना वृद्धि होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। उन्होंने खाद्य सामग्री की कीमतों में 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का भी दावा किया।

मकान बनाना हुआ महंगा

       कांग्रेस प्रवक्ता ने निर्माण सामग्री की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए कहा कि सीमेंट, लोहा और रेत के दाम बढ़ने से मकान बनाने की लागत में भारी इजाफा हुआ है। उनके अनुसार, जिस मकान के निर्माण पर पहले लगभग 20 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान था, उसकी लागत बढ़कर करीब 24 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाना भी गरीब परिवारों के लिए चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।

महंगाई पर नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाने की मांग

       ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई से राहत देने में विफल रही है और जनता को राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती कीमतों के कारण आम लोगों के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है।

       कांग्रेस ने राज्य सरकार से बस किराये, बिजली दरों, खाद्य पदार्थों और निर्माण सामग्री की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *