नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ दो पकड़े गए

160 टैबलेट, कार, तीन मोबाइल और नकदी समेत 4.04 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त

       दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पदमनाभपुर थाना पुलिस ने रवि शंकर स्टेडियम के मुख्य गेट के सामने कार में नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 160 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, एक कार, तीन मोबाइल फोन और 790 रुपये नकद सहित कुल 4,04,790 रुपये की सामग्री जब्त करने का दावा किया है।

       पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रवि शंकर स्टेडियम के मुख्य गेट के सामने ग्रे रंग की कार में नशीली टैबलेट रखकर बिक्री के लिए कुछ लोग ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पदमनाभपुर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ा।

       पूछताछ और तलाशी के दौरान दीपांकर दास वैष्णव (32 वर्ष), निवासी मुक्त नगर, पदमनाभपुर के कब्जे से 70 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, कार क्रमांक CG07AM6045, एक सैमसंग मोबाइल, एक एप्पल मोबाइल और 790 रुपये नकद बरामद किए गए।

       इसी तरह मुकेश राजपुत (34 वर्ष), निवासी कसारीडीह, गौरा-गौरी चौक, दुर्ग के कब्जे से 90 नग अल्प्राजोलम टैबलेट और एक रेडमी मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, जब्त टैबलेट का कुल वजन 9.01 ग्राम है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

       पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 626/2026 दर्ज कर धारा 22(ख), 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

       पुलिस के अनुसार, आरोपी कार में बैठकर अथवा उसके आसपास रहकर नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट संभावित ग्राहकों को बेचने का प्रयास कर रहे थे। मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर दोनों को पकड़ लिया।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई

       पूरी कार्रवाई पदमनाभपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से नशीले पदार्थों की बिक्री, खरीद या परिवहन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सूचना के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *