शराब तस्करी के खिलाफ दुर्ग पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, तीन आरोपी दबोचे गए

       नंदिनी/अहिवारा। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नंदिनी नगर थाना पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब के साथ दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 400 रुपये बताई जा रही है।

       पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बुलेट मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन कर बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम पोटिया जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान युगल शर्मा और चन्द्र कुमार कुर्रे निवासी ग्राम मोहरेंगा थाना नंदिनी नगर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके पास से 62 पौवा देशी मदिरा शराब और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया।

       इसी क्रम में 13 मई 2026 को पुलिस को फिर सूचना मिली कि एक व्यक्ति टीव्हीएस एक्सल मोटरसाइकिल में अंग्रेजी शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से जा रहा है। पुलिस ने पथरिया चौक के आगे बायपास रोड अहिवारा में घेराबंदी कर आरोपी बैसाखु राम साहू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 35 पौवा अंग्रेजी गोवा मदिरा शराब और टीव्हीएस एक्सल मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

       पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है। इस पूरी कार्रवाई में नंदिनी नगर थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका बताई जा रही है, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *