कुम्हारी (दुर्ग) चीखों में बदली रात… आग की लपटों ने पूरा परिवार निगल लिया

      कुम्हारी। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत खपरी गांव के वार्ड नंबर-4 में मंगलवार, 12 मई 2026 को एक अत्यंत हृदय विदारक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी पास स्थित झोपड़ीनुमा मकान की छत पर जा गिरी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इसी दौरान घर के भीतर रखा गैस सिलेंडर भी धमाके के साथ फट गया, जिससे आग और भयावह हो गई।

      इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में पिता होमदास उर्फ अनिल वैष्णव और उनकी तीन बेटियां शामिल हैं। मृत बच्चियों की पहचान चांदनी वैष्णव, लक्ष्मी वैष्णव और सबसे छोटी बच्ची गोपिका के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों में भारी आक्रोश भी देखा जा रहा है।

      स्थानीय नागरिकों और प्रत्यक्षदर्शियों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। आरोप है कि संबंधित बिजली खंभे पर लंबे समय से अत्यधिक लोड था और कई बार शॉर्ट सर्किट जैसी स्थिति बन चुकी थी, लेकिन समय रहते सुधार नहीं किया गया। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

      इस दुखद घटना पर विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को क्षतिपूर्ति राशि देने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *